महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बुधवार को नगर निगम के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वे अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ व सहायक अभियंता राजपति यादव के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने सभी मंजिलों का निरीक्षण कराते हुए प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि नगर निगम व अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त प्रशासनिक भवन लगभग तैयार है और अंतिम फिनिशिंग कार्य जारी है। भवन पांच मंजिला होगा, जिसमें रैंप, लिफ्ट, सोलर पैनल, भूमिगत पार्किंग व अग्निशमन सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था होगी। बेसमेंट में 292 वाहनों की पार्किंग सुविधा मिलेगी। परियोजना प्रबंधक ने भवन हैंडओवर के लिए तीन माह का समय मांगा।