रामनगरी की अन्य धार्मिक और पर्यटक स्थलों से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए योगी सरकार लगातार नई सौगातें दे रही हैं। इसी कड़ी में अयोध्या डिपो को पांच नई बसें प्रदान की गई हैं। इनमें दो बसें कृष्णनगरी मथुरा के लिए, दो बसें ताजनगरी आगरा के लिए और एक बस भगवान श्रीराम की कर्मभूमि चित्रकूट के लिए निर्धारित की गई है। इन तीनों रूटों पर यह पांच बसें संचालित होंगी। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सड़क, रेल और हवाई मार्ग पर पहले से ही काम शुरू कर दिया था। अब सड़क मार्ग पर भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर दी गई है ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। नई बसों के संचालन से चित्रकूट, मथुरा और आगरा आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि इन पांच नई बसों को विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया है। इनसे अयोध्या आने वाले यात्रियों को अब और अधिक सहज व आरामदायक सफर मिलेगा। योगी सरकार की यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि अयोध्या को देश के अन्य तीर्थ और पर्यटन स्थलों से जोड़कर श्रद्धालुओं की आस्था यात्रा को और आसान बनाएगी।