अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के चदौंरा पूरे मेहंदी गांव निवासी गंगादीन लोधी (22) पुत्र सोहनलाल का शव मौत के एक माह बाद गुरुवार को स्वदेश पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही महीने से इंतजार में पथराई परिजनों की आंखें नम हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया और चीखने चिल्लाने लगे। पैतृक गांव में ही शव का अंतिम संस्कार किया गया। रुदौली के पूर्व विधायक रूश्दी मियां ने सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर शव रिसीव किया। जिसके बाद दोपहर पैतृक गांव चंदौरा लाया गया। युवक की दुबई में छः अप्रैल को सुबह नौ बजे मौत हो गई थी। सूचना के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का हाल-बेहाल है। वे 17 दिसंबर 2025 को ही रोजगार के लिए दुबई गए थे वहां एसी रिपेयरिंग का काम करते थे। छोटे भाई शिवा के अनुसार 5 अप्रैल को भाई का फोन आया और स्वास्थ्य खराब होने की बात बताई घर वापस आने के लिए पैसे भी मांगे। कर्ज लेकर तीस हजार रुपए उनके मित्र आदित्य के खाते में भेजा गया। अगले ही दिन सुबह आदित्य का फोन आया है कि उनकी मौत हो गई। गंगादीन इसके पहले गुजरात में रहते थे जहां उनकी अमेठी जिले के आदित्य नाम के व्यक्ति से दोस्ती हो गई थी। आदित्य ने ही वीजा भेज कर गंगादीन को दुबई बुलाया था। गंगादीन तीन भाइयों में मझला था। उनके पिता राजगीर हैं। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार ने मृतक के शव को स्वदेश लाने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा था। अंतिम संस्कार में सांसद अवधेश प्रसाद, विधायक चंद्रभानु पासवान, पूर्व विधायक रूश्दी मियां, सपा नेता अनूप सिंह, महेंद्र यादव, अजीत प्रसाद, विनोद लोधी, पवन राजपूत, आलोक चन्द्र यादव, विन्देश्वरी सिंह आदि भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।