अयोध्या। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय ने किया। हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता और आमजन सहादतगंज ओवरब्रिज के नीचे रामपथ पर जुटे, जहां से जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सहादतगंज क्षेत्र में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सपा नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गैस सिलेंडर की किल्लत, बिजली संकट, पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरा। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया। प्रदर्शन में महिला विंग की कार्यकर्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।