सांसद अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। सांसद ने आरोप लगाया कि जिले में यूरिया की भारी कमी है। किसान दिनभर लाइनों में खड़े रहते हैं और ऊपर से प्रशासन लाठियां बरसाकर उनका दमन कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 28 अगस्त से तहसील स्तर पर आंदोलन शुरू होगा, जिसकी शुरुआत मिल्कीपुर तहसील से होगी। सांसद ने कहा कि छुट्टा मवेशी किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं और लोगों की जान भी ले रहे हैं, लेकिन सरकार इसे रोक पाने में पूरी तरह विफल है। ज्ञापन में यूरिया की किल्लत, कालाबाजारी, किसानों की जमीन अधिग्रहण, खराब कानून-व्यवस्था, बिजली संकट और छुट्टा मवेशियों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।