कराटे एसोसिएशन ऑफ अयोध्या एवं नीरज मार्शल आर्ट अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में समर कैंप का आयोजन किया गया। रिकाबगंज स्थित मैदान में आयोजित पांच दिवसीय निशुल्क कराटे सेल्फ डिफेंस में प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कैंप में बालक-बालिका, महिला और पुरुष बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं व आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कराटे एसोसिएशन ऑफ अयोध्या के अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण हर व्यक्ति के लिए आवश्यक हो गया है। बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से आत्मरक्षा की तकनीकों का ज्ञान होना चाहिए, जिससे वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें। कैंप में प्रशिक्षण के दौरान पंच, ब्लॉक, किक और बचाव की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया। कोच आशीष कुमार के निर्देशन में प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा के कई महत्वपूर्ण गुर सीखे। कैंप में किंजल, नैंसी, अनुष्का, खुशी, मीनाक्षी, साक्षी, आस्था, आदर्श, तनु, इशिका और चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजक नीरज कुमार ने बताया कि आगामी दिनों में प्रतिभागियों को और उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।