कारगिल शहीदों को नमन करते हुए 20 वर्षीय युवा शिवम् पटेल की 3000 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक साइकिल यात्रा अयोध्या पहुंची। प्रभु श्री राम के दर्शन कर उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। शिवम् ने कहा कि यह यात्रा केवल सफर नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है, जो देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और शहीदों के सम्मान को समर्पित है। बी.कॉम अंतिम वर्ष के छात्र शिवम् माउंटेन बाइकिंग में तीन बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। वे 28 हजार किमी अखिल भारतीय साइकिल यात्रा पूरी कर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुके हैं। उनकी यह यात्रा महाराजगंज के करौता गांव से कारगिल तक जाएगी।