प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जीएसटी-2 के तहत हुए बड़े सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देशवासियों को कर प्रणाली में ऐतिहासिक तोहफा दिया है। इस सुधार के तहत केंद्रीय वैट, राज्य वैट, एक्साइज और सर्विस टैक्स को समाप्त कर एक ही टैक्स में मर्ज कर दिया गया है। साथ ही 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स समाप्त कर आम नागरिकों को राहत दी गई है। सर्किट हाउस में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शाही ने बताया कि जीएसटी-2 में कर स्लैब को सरल बनाया गया है। पहले 28% और 12% वाले स्लैब थे, जिन्हें खत्म कर अधिकांश घरेलू वस्तुओं पर 5% या उससे कम टैक्स लगाया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2,500 रुपये तक के रेडीमेड कपड़ों पर अब केवल 5% टैक्स लगेगा। इसी तरह जूता-चप्पल, खाने-पीने की वस्तुएं और अन्य दैनिक जरूरत की चीजें अब पहले से सस्ती हो गई हैं। रेस्टोरेंट और होटल पर जहां पहले 42% से 45% तक टैक्स लगता था, वहीं अब यह घटाकर 18% कर दिया गया है। जीवनोपयोगी दवाओं, ऑक्सीजन और मेडिकल उपकरणों पर टैक्स में कमी से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है। किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर छूट से लाभ हुआ है। कृषि मंत्री ने कहा कि यह सुधार न केवल गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती प्रदान करेगा। इस दौरान अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी मौजूद रहे।