अयोध्या। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को ओपीडी व्यवस्था सवालों के घेरे में रही। सुबह आठ बजे शुरू होने वाली ओपीडी में डेढ़ घंटे बाद भी कई विभागों के चिकित्सक अपनी सीट पर नहीं पहुंचे। इससे इलाज के लिए आए मरीजों को डॉक्टरों के इंतजार में बैठना पड़ा। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी थी। पर्ची बनवाने के बाद मरीज संबंधित विभागों के बाहर डॉक्टरों के आने का इंतजार करते रहे। अमर उजाला की पड़ताल में सुबह करीब 9:30 बजे तक ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, जनरल सर्जरी समेत अधिकांश विभागों के चिकित्सक अपनी सीटों पर नहीं मिले। कई कमरों के बाहर मरीज और तीमारदार बैठे रहे, जबकि कुछ मरीज बार-बार डॉक्टरों के आने की जानकारी लेने के लिए कर्मचारियों से पूछताछ करते दिखाई दिए। मरीजों का कहना था कि समय पर अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ आए परिजनों को सबसे अधिक परेशानी हुई। ओपीडी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों की कतार लगातार बढ़ती रही।