रामनगरी अयोध्या में बने महज दो साल पुराने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। तेज बारिश के बाद एयरपोर्ट के बाहर स्टैंडिंग एरिया की छत से पानी टपकने लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और निर्माण एजेंसियों पर सवाल उठने लगे हैं। जिस एयरपोर्ट को अयोध्या के गौरव और देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधा के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा था, उसकी छत से पानी टपकना लोगों की नाराजगी का कारण बन गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है तभी महज दो साल में ही छत टपकने लगी। उनका आरोप है कि रखरखाव की तय मियाद पूरी होने से पहले ही एयरपोर्ट की हालत खराब हो गई है। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक विनोद कुमार ने कहा है कि बारिश रुकने के बाद रिपेयरिंग का काम शुरू होगा और इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पहले से ही पाइपलाइन में है लेकिन इस बयान ने सरकारी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों की लागत से बने अयोध्या एयरपोर्ट की छत इतनी जल्दी कैसे टपकने लगी और क्या इस पर जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय होगी।