रामनगरी में भोर से हो रही झमाझम बारिश के बीच रामपथ पर एक बार फिर जलभराव हो गया है। सुबह से भारी बारिश में रामपथ जलमग्न हो गया है। राम मंदिर प्रवेश द्वार के सामने भी भारी बारिश से रामपथ पर पानी भर गया। इससे रामलला का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अयोध्या नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खुलती जा रही है। मानसून की बारिश के पानी का रामपथ से निकास नहीं हो पा रहा है। वजह भी सामने है कि रामपथ के नीचे बने सीवर लाइन में कॉलोनी के नाले व नालियों को अभी तक जोड़ा नहीं गया है। इससे रामपथ के आसपास की कॉलोनी और मोहल्लों के साथ इनकी सड़कों और गलियों में भी भारी जलभराव हो गया है। कई जगह लोगों के घरों में पानी घुस गया है।आवागमन बाधित हो गया है।