हरियाणा सरकार के कारागार मंत्री अरविंद कुमार शर्मा आज पूरे परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान राम लला का विधिवत दर्शन-पूजन किया। रामलला के दर्शन के उपरांत अरविंद शर्मा गोंडा के नंदनी नगर में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा आयोजित राष्ट्रकथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भी रवाना हुए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कारागार मंत्री ने कहा कि अयोध्या पूरे देश के दिल में बसती है और हर भारतीय की इच्छा होती है कि वह यहां आकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करे। इसी भावना के साथ वे अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने सभी देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। राम के नाम पर राजनीति के सवाल पर अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं और उनके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राम से जुड़े भजन, सरयू तट, हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन मन को शांति प्रदान करते हैं। अयोध्या एक पवित्र नगरी है, जहां आने पर हर बार नया जोश और ऊर्जा की अनुभूति होती है। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और पश्चिम बंगाल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की हत्या निंदनीय है और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वहां कमल का फूल खिलेगा।