सरयू नदी एक बार फिर उफान पर है। उफान के चलते तटवर्तीय क्षेत्र के लोगों की मुसीबत और बढ़ गई है। नदी का पानी खतरे के निशान से तीन सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। 36 घंटे स्थिर रहने के बाद अब जल स्तर में गिरावट शुरू हुई है। सरयू के जलस्तर में चार सेंटीमीटर की गिरावट मानी जा रही है। हालात यह हैं कि अब तक 150 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तराई इलाकों में खेत खलिहान पानी में डूब गए हैं। नदी किनारे रहने वालों के घरों को कटान का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने राहत शिविरों की व्यवस्था की है। प्रभावित परिवारों के रहने व खाने की व्यवस्था की गई है। सदर तहसील के पूरा बाजार ब्लॉक के कई गांव में सरयू का पानी घुस गया है। मूड़ाडीहा, उदरहवा, पिपरी संग्राम और पूरे चेतन गांव के कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं। सरयू के नयाघाट पर एसडीआरएफ की टीम लोगों को जेटी बॉर्डर के अंदर ही स्नान करने के लिए अपील कर रही है ताकि किसी भी श्रद्धालु के साथ कोई हादसा न होने पाए और वह सुरक्षित स्नान कर सरयू से बाहर निकल सकें।