अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, डाभासेमर में पहली बार अस्मिता लीग 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आयोजित की जा रही है। डाभासेमर स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना और खेलो इंडिया के कोच रोहित त्रिपाठी ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह लीग पहली बार आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं होंगी। इसमें 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की अयोध्या जिले की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।