बीकापुर विकासखंड सभागार में बुधवार को विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने जनता दरबार एवं जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण पहुंचे। जन चौपाल में रसोई गैस की किल्लत और बदहाल विद्युत आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने शिकायत की कि बुकिंग के बावजूद 10 से 15 दिन तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। इस पर विधायक ने जिला पूर्ति अधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बिजली समस्या को लेकर विधायक ने एसडीओ व अधिशासी अभियंता को आपूर्ति बेहतर करने को कहा। नगर पंचायत बीकापुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से जमे लेखपालों की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल आधा दर्जन लेखपालों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। विधायक ने पेंशन व राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण का भी आश्वासन दिया।