अयोध्या में राम की पैड़ी के 54 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कमिश्नर राजेश कुमार के अनुसार, पिछले साल 25 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। जबकि इस बार 26 लाख 11 हजार 101 दीपों को प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव में लेजर शो, ड्रोन शो और 3D प्रोजेक्शन मुख्य आकर्षण होंगे। साथ ही पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का स्वागत करेंगे और रामकथा पार्क में उनके राज्याभिषेक का आयोजन होगा। इस बार लक्ष्मण किला घाट पहली बार सवा लाख दीपों से जगमगाएगा। वहीं, घाट नंबर 10 के सामने हजारों दीपों से विशाल स्वास्तिक का निर्माण किया जा रहा है। घाटों पर दीप सज्जा के लिए मार्किंग का काम शुरू हो चुका है, जिसे अगले तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। करीब 30 हजार स्वयंसेवक दीप प्रज्ज्वलन का जिम्मा संभालेंगे। एक बार फिर अयोध्या तैयार है, भक्ति, प्रकाश और वैभव के संगम का साक्षी बनने के लिए।