मिल्कीपुर के इनायतनगर थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष जंग बहादुर और उपनिरीक्षक समेत 10 पुलिस कर्मियों पर एससी-एसटी न्यायालय सख्त हो गया है। थानाध्यक्ष जंग बहादुर समेत 10 पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार करने के लिए एनबीडब्ल्यू जारी हुआ है। अयोध्या के तत्कालीन एसएसपी ने भी गिरफ्तारी नहीं की थी। जबकि कई बार कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। अब एससी एसटी कोर्ट ने आईजी प्रवीण कुमार को निर्देशित किया है कि सभी 10 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर 20 जून को न्यायालय में पेश करें। जानिए क्या है मामला 21 अगस्त 2012 को इनायतनगर थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत 10 पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र के ही कुचेरा निवासी आढ़ती राजकुमार सोनकर को जबरदस्ती वाहन में बैठाकर थाने में पिटाई की थी। सोने की चेन और लगभग 25,000 रुपये लूटने का आरोप था। जानिए पुलिस ने क्यों की पिटाई थाना इनायतनगर में एक फंक्शन आयोजित था। इसमें राजकुमार सोनकर को मुफ्त में अनाज सप्लाई करना था। सप्लाई न करने पर पुलिस वालों ने पिटाई की थी। राजकुमार सोनकर ने एससी एसटी कोर्ट में परिवाद दायर किया था। आरोपी पुलिस कर्मियों ने हाईकोर्ट में राहत के लिए याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए तीन हफ्ते के अंदर संबंधित कोर्ट में सरेंडर करने का आदेश दिया था। इस आदेश का भी पुलिस अनुपालन नहीं करा पाई थी।