रामनगरी के चर्चित पूर्व पार्षद और अधिवक्ता आलोक सिंह गोलीकांड मामले में अब मुख्य आरोपी मोहित पांडेय के पिता मधुसूदन पांडेय का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आलोक सिंह उनके बेटे को लंबे समय से परेशान कर रहा था। कई बार वह उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए धमकी देता था। मधुसूदन ने बताया कि आलोक सिंह ने उनके छोटे बेटे धर्मवीर को बालू घाट पर बेरहमी से पीटा था, जिससे वह मरणासन्न हो गया था और उस घटना का मुकदमा अयोध्या कोतवाली में दर्ज है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आलोक सिंह इलाके में दहशत फैलाकर जमीन कब्जाने का काम करता था। दिनेश मिश्र और संतोष मिश्र पर भी उसने हमला किया था, जिसके मुकदमे दर्ज हैं। मधुसूदन के अनुसार घटना के दिन उनके अन्य दोनों बेटे घर पर ही थे। उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे इसकी पुष्टि कर सकते हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी दोषी हो उसे सख्त सजा मिले। साथ ही उन्होंने आलोक सिंह को भू-माफिया बताते हुए कहा कि वह दूसरों की जमीन पर कब्जा कर होटल चला रहा है। फिलहाल पुलिस ने मोहित पांडेय, उसके दो भाइयों धर्मवीर पांडेय, धीरज पांडेय सहित पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।