उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद को करारा जवाब दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव में वोटों की डकैती संबंधी सपा सांसद के बयान पर प्रहार करते हुए रावत ने कहा कि ये लोग जहां हार जाते हैं, वहां कहते हैं वोट चोरी की गई है। जनता से बड़ा दुनिया में कोई नहीं है, जिसे जनादेश मिलता है कुर्सी पर वही बैठता है। वोट चोरी जैसा कुछ नहीं है। हिंदुस्तान की जनता जाग चुकी है। राष्ट्रवादी विचारधारा के पनपने के साथ सांप्रदायिक और जातिवादी ताकतें कमजोर हो रही हैं। जातिवाद से ऊपर उठकर काम करने वाले ही सत्ता में आएंगे। बिहार में वैचारिक परिवर्तन हो गया है। अब वहां जाति से ऊपर उठकर लोग वोट कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश रोए नहीं, बड़ी रेखा खींचे, जनता का दिल जीतें, तभी चुनाव जीत पाएंगे। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण सारी दुनिया के लिए गौरव का क्षण होगा। 500 साल का दाग मिटाया गया और भव्य राम मंदिर बना। अब ध्वजारोहण होने जा रहा है। राम मंदिर पर ध्वज पताका का फहराया जाना समूचे हिंदू समाज के लिए अविस्मरणीय होगा।