रामनगरी ही नहीं समूचे देश और दुनिया के लिए 25 नवंबर ऐतिहासिक दिन होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचकर दिव्य और भव्य राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। पीएम के आगमन से पहले अयोध्या सज संवर कर तैयार हो गई है। राम मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों को फूलों से सजाया गया है। रामपथ पर भी भव्य सजावट की गई है। मंगलवार को सुबह 9:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां पर सेना के तीन हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। एक हेलीकॉप्टर पर पीएम मोदी होंगे तो दो हेलीकॉप्टर उनकी सुरक्षा में लगाए गए हैं। तीनों हेलीकॉप्टर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर लगभग 12 किलोमीटर दूर साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे, जहां पर तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। यहां पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर लैंड होगा और यहां से सड़क मार्ग से रामपथ पर लगभग एक किलोमीटर दूर वीआईपी गेट नंबर 11 यानी जगद्गुरु आद्य शंकराचार्य द्वार से पीएम राम मंदिर में प्रवेश करेंगे। इस एक किलोमीटर के रास्ते में 12 स्थान पर उनका पुष्प वर्षा से स्वागत होगा। सात जगह पर सांस्कृतिक मंच बनाए गए हैं, जहां पर लोक कलाकार गायन, नृत्य और वादन से स्वागत करेंगे। साकेत महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर 501 वैदिक आचार्य और बटुक स्वस्तिवाचन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर परिसर में बने सप्त ऋषि मंदिर और शेषावतार मंदिर में भी ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद बटन दबाकर राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद देश के नाम उनका संबोधन होगा। दोपहर लगभग 1:30 बजे पीएम मोदी अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।