अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन की जानकारी देते हुए कहा कि 25 नंबर को प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर के मुख्य मंदिर समेत परिसर में बने विभिन्न मंदिरों के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। अयोध्या की प्राचीन 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा की जानकारी देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला और पुलिस प्रशासन इस कार्यक्रम के लिए तेजी के साथ सभी व्यवस्था कर रहा है। अयोध्या के वैभव के अनुरूप सुरक्षित परिक्रमा हो सके, इसके लिए भी जिला और पुलिस प्रशासन जुटा हुआ है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभी पंचकोसी परिक्रमा पथ का चौड़ीकरण पूरा हुआ है। 14 कोसी परिक्रमा पथ अभी निर्माणाधीन है, उस पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि 31 दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि परिक्रमा पथ ही नहीं पूरा अयोध्या तीर्थ स्थल है। पीएम मोदी और सीएम योगी की सरकार निरंतर यह प्रयास कर रही है कि अयोध्या वैभवशाली बने। अयोध्या को आज नहीं अनादि काल से तीर्थ स्थल के रूप में जाना जाता है। पूरे अयोध्या के विकास के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। दरअसल 30 अक्तूबर को 14 कोसी परिक्रमा और एक नवंबर को पंचकोसी परिक्रमा होगी।