रामनगरी अयोध्या के नवीन मंडी में अवध कल्याण परिषद और मां लेडीज ग्रुप के तत्वावधान में गुरुवार को दुरदुरिया पूजन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस पारंपरिक आयोजन में सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ अवसान मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और मंगल गीतों के साथ हुई। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। समूह में मिलकर दुरदुरिया की विधिवत पूजा संपन्न की। पूरे वातावरण में श्रद्धा और आस्था का माहौल व्याप्त रहा। आयोजन में अवध कल्याण परिषद की सदस्यों और मां लेडीज ग्रुप की महिलाओं ने बताया कि यह पर्व जीवन से नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने और सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए मनाया जाता है। पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर मंगलकामनाएं दीं। लोकगीतों पर नृत्य करके पारंपरिक रीति से उत्सव का समापन किया। कार्यक्रम में नगर की कई गणमान्य महिलाएं, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज में एकता, आस्था और लोक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक हैं।