अयोध्या में रामनवमी पर्व को लेकर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। पांच लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन पूजन कर रहे हैं। रामनगरी अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से सख्त कर दी गई है। पूरे अयोध्या धाम को 6 जोन और 29 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है, जबकि सेक्टर स्तर पर पुलिस उपाधीक्षक निगरानी कर रहे हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों हनुमानगढ़ी, कनक भवन, नयाघाट और नागेश्वरनाथ मंदिर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन मंदिरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अन्य जनपदों से भी भारी पुलिस बल बुलाया गया है। करीब 10 अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), 30 क्षेत्राधिकारी (CO) और 200 से अधिक निरीक्षकों की तैनाती के साथ चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एडीजी जोन प्रवीण कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर स्वयं अयोध्या में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामनवमी के दिन भगवान का भव्य श्रृंगार होगा भोग होगा और 4 मिनट तक उनके माथे पर सूर्य तिलक होगा ल रामनवमी को लेकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और सुरक्षा जांच के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, वहीं सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।