अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ ) की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सीईओ के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी। राम मंदिर परिसर में हुई बैठक के बाद सर्च कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज को रिपोर्ट सौंपी। इस दौरान ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कमेटी में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हावड़े भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि चयन समिति ने अंतिम प्रक्रिया के बाद सीईओ पद के लिए नामों का पैनल तैयार किया है। अब ट्रस्ट की ओर से पैनल में शामिल नामों पर विचार कर एक नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। दो सितंबर को ट्रस्ट की अहम बैठक प्रस्तावित है। इसी बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के नाम की घोषणा होने की संभावना है। सीईओ की नियुक्ति के बाद मंदिर की प्रशासनिक और प्रबंधकीय व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अब निगाहें दो सितंबर की ट्रस्ट बैठक पर टिकी हैं, जहां राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।