भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी साफ नजर आने लगा है। मौसम के बदले मिजाज ने श्रद्धालुओं के कदम थाम दिए हैं। राम मंदिर में जहां सुबह और शाम के समय दर्शनार्थियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, दोपहर के समय परिसर में सन्नाटा जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। इन दिनों तापमान लगातार बढ़ने और चिलचिलाती धूप के कारण श्रद्धालु अब अपनी यात्रा का समय बदल रहे हैं। अधिकांश लोग सुबह जल्दी या सूर्यास्त के बाद मंदिर पहुंचना पसंद कर रहे हैं, ताकि गर्म हवाओं और तेज धूप से बचा जा सके। दोपहर के समय मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बेहद कम हो गई है। मंदिर परिसर में तैनात कर्मियों के अनुसार, सुबह मंगला आरती के बाद से लेकर पूर्वाह्न तक श्रद्धालुओं की कतारें बनी रहती हैं। इसी तरह शाम होते ही फिर से दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ जाती है। लेकिन, दोपहर में गर्मी अपने चरम पर होने के कारण भीड़ काफी घट जाती है। श्रद्धालुओं का कहना है कि दर्शन की आस्था उन्हें अयोध्या खींच लाती है, लेकिन गर्मी को देखते हुए समय का विशेष ध्यान रखना पड़ रहा है। कई लोग अपने साथ पानी की बोतल, छाता और गमछा लेकर पहुंच रहे हैं।