अयोध्या में राम मंदिर की दान पेटिका में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या दौरे पर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह रुदौली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अयोध्या आएंगे। मुख्यमंत्री मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे, वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा नगर निगम के जोनल कार्यालय का शुभारंभ और विकास कार्यों से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। उनका जैन मंदिर के कार्यक्रम में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। इस बीच दान पेटिका प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अधिकारियों से मामले की जानकारी ले सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दौरे की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जैन मंदिर व मणिराम दास छावनी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।