यूपी के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि राम मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब परिसर की सहायक एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर परिसर में राम मंदिर आंदोलन के शहीदों की स्मृति में “शहीद स्तंभ” बनाया जा रहा है। इसके 15 जून तक तैयार होने की उम्मीद है। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 30 जून तक लारसेन ऐंड टुब्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज अपना कार्य पूर्ण कर वापस लौट जाएंगी। हालांकि मंदिर परिसर के रखरखाव और तकनीकी सहायता के लिए एलएनटी की एक टीम स्थायी रूप से तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि राम मंदिर परिसर के सभी उप मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चार किलोमीटर लंबी हाईटेक बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट का कार्यालय और अत्याधुनिक म्यूजियम अभी निर्माणाधीन है। म्यूजियम में 20 गैलरियां बनाई जा रही हैं, जिनमें से एक विशेष गैलरी 7D तकनीक पर आधारित होगी। इस गैलरी में श्रद्धालुओं को मंदिर भ्रमण जैसा आभासी अनुभव मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर परिसर को और आकर्षक बनाने के लिए जल्द ही फसाड लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे रात के समय राम मंदिर की भव्यता और अधिक निखरकर सामने आएगी।