मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से निकली महात्रिशूल सनातन हिंदू एकता यात्रा का 60 फीट ऊंचा विशाल त्रिशूल मंगलवार को आठवें दिन अयोध्या पहुंचा। यह त्रिशूल श्री विघ्नेश्वर नाथ महादेव धाम में स्थापित किया जाएगा। यात्रा 2 फरवरी को छिंदवाड़ा से शुरू हुई थी और 10 फरवरी को रामनगरी पहुंची। 60 फीट ऊंचा, 11 फीट चौड़ा और लगभग 700 किलोग्राम वजनी यह त्रिशूल पूरी तरह स्टील से निर्मित है, जिसे छिंदवाड़ा जिले के झिरलिंगा गांव के कारीगर सुशील विश्वकर्मा ने तैयार किया है। इसे बनाने में करीब एक वर्ष का समय लगा। अयोध्या के नाका क्षेत्र में क्षत्रिय समाज सहित श्रद्धालुओं ने त्रिशूल का भव्य स्वागत किया। पुष्पवर्षा के बीच जय भोले के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा के संयोजक ऋषिराज सिंह ने बताया कि रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने त्रिशूल की पूजा-अर्चना कर यात्रा का स्वागत किया।