मिल्कीपुर सीट को लेकर सोमवार को प्रचार का आखिरी दिन रहा। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मोर्चा संभाला। इनायत नगर के एक स्कूल में प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपने रिपोर्ट कार्ड को लेकर जनता के बीच में है और जनता समझ गई है कि वोट किसको देना है। लड़ाई परिवारवाद और राष्ट्रवाद की है। राष्ट्रवाद को लेकर भाजपा चुनाव मैदान में है और भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान भारी अंतर से चुनाव जीतेंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक बैठक में भी शिरकत की। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा भारी अंतर से चुनाव जीतने जा रही है। सपा सांसद के फूट फूट के रोने के सवाल पर सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पहले भी चुनाव के दौरान अवधेश प्रसाद नाटक करते आए हैं और इस चुनाव में भी नाटक कर रहे हैं लेकिन इसका असर चुनाव पर पड़ने वाला नहीं है।