अयोध्या में जिला अस्पताल के वार्डों में बृहस्पतिवार को जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे रहे। सफाई व्यवस्था चरमराने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। नाराज सफाई कर्मचारियों ने दो महीने से मानदेय नहीं मिलने पर काम बंद करने की चेतावनी दी। कर्मचारियों का कहना है कि भुगतान होने तक वे सफाई नहीं करेंगे। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, श्रीराम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सफाई व सुरक्षा का काम पीसीएस प्राइम क्लियरिंग सर्विस के माध्यम से कराया जा रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक, जिला अस्पताल में करीब 25 सफाईकर्मी तैनात हैं। उन्हें सात हजार रुपये के आसपास मानदेय मिलता है। अगस्त और सितंबर का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। वहीं, चार महीने से उनके वेतन से ईपीएफ की कटौती भी नहीं हो रही है। महिला अस्पताल में भी 22 कर्मचारी तैनात हैं। जिला अस्पताल के वार्डों के अंदर और बाहर कूड़ा जमा रहा।