भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मुकाबले में टीम इंडिया की जीत की कामना को लेकर रामनगरी अयोध्या में विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया गया है। संत समाज वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ और हवन कर रहा है। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर आस्था और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही है। भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम की विजय की कामना को लेकर विश्व विजय विराट राघव मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव के 11वें रुद्र अवतार माने जाने वाले हनुमान जी के महामंत्रों के साथ आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ किया जा रहा है। संत समाज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ और हवन में आहुतियां दी जा रही हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में साधु-संतों का जमावड़ा लगा हुआ है। संत समाज का कहना है कि भारतीय क्रिकेट टीम की विजय निश्चित है और आज पाकिस्तान को करारी शिकस्त मिलेगी।संतों ने विश्वास जताया कि भारतीय टीम न केवल मैच जीतेगी बल्कि पूरे विश्व कप में परचम लहराएगी। यज्ञ और हवन के माध्यम से देश की सफलता और खिलाड़ियों के उत्तम प्रदर्शन की प्रार्थना की जा रही है। रामनगरी से ये संदेश दिया जा रहा है कि खेल के मैदान में टीम इंडिया पूरी ताकत के साथ उतरे और जीत का तिरंगा लहराए।