रामनगरी की पुलिस ने पत्नी-बेटे की हत्या का खुलासा कर दिया है। आरोपी पति ने प्रेम प्रसंग में शक के चलते अपनी पत्नी की धारदार से हत्या कर दी थी। तीन वर्ष का बेटा सो रहा था, जब वह जागा और रोया तो उसको चुप कराने के लिए पिता ने अपने बेटे की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी असम निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त बांका बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवा कर उसका चालान किया है। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली के बछड़ा सुल्तानपुर मोहल्ला स्थित शिवपुरी कालोनी में हुई पत्नी-बेटे की हत्या के मामले में एसएसपी राजकरण नय्यर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस के साथ सर्विलांस सेल को भी लगाया था। नगर कोतवाल अश्विनी कुमार पांडेय और सर्विलांस सेल प्रभारी अमरेश त्रिपाठी की पुलिस टीम ने वारदात कर मौके से फरार असम के निवासी शहजान खन्दकर को साईं दाता कुटिया के पास से गिरफ्तार किया है। इसकी निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल खून लगा बांका बरामद किया है। पूछताछ में शहजान खन्दकर का कहना है कि उसकी पत्नी अक्सर अन्य व्यक्ति से बात करती थी। मना करने के बावजूद उसने बात करना बंद नहीं किया। इसी बात से नाराज होकर घरेलू लकड़ी काटने वाले बांके से पत्नी के चेहरे पर कई बार वारकर व दुपट्टे से उसका गला कसकर हत्या कर दी। बेटा शहाद खन्दकर (तीन वर्ष) के जाग जाने और उसके यह सब देख रोने-चिल्लाने के कारण उसका भी गला कस दिया। बांके को घर के सामने पुलिया के पास झाड़ी में छिपाकर भाग निकला था।