माघ पूर्णिमा के अवसर पर रामनगरी में श्रद्धालुओं का आना सोमवार को भी जारी रहा। माघ पूर्णिमा स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज से अयोध्या पहुंचे हैं। सरयू नदी के तट पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही। लगातार दर्शन-पूजन का क्रम जारी है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्नान घाटों तक विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं कहा कि बहुत अच्छा लगा दर्शन-पूजन करके। कोहरा और ठंड थी लेकिन प्रशासन की व्यवस्था बहुत अच्छी है। हमने आराम से स्नान किया। अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की है और पूरे उत्साह के साथ रामनगरी में धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा ले रहे हैं।