अयोध्या में तारुन थाना क्षेत्र के बराव गांव में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से एक आवासीय मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। सबसे दुखद यह रहा कि परिवार ने गर्भवती महिला के प्रसव के लिए जोड़कर रखे 20 हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। बराव निवासी पीड़ित विजय सोनी ने बताया कि मंगलवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते राशन, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज सब जल गए। विजय ने बताया कि उनकी पत्नी सपना गर्भवती हैं और कुछ दिनों में ही डिलीवरी होनी है। परिवार ने अस्पताल के खर्च और अन्य जरूरतों के लिए बड़ी मुश्किल से 20,000 रुपये नकद घर में रखे थे। आग ने उन रुपयों को भी खाक कर दिया। अब प्रसव का खर्च उठाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। सूचना पर तहसील प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट तहसील मुख्यालय को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।