उत्तर प्रदेश में पासी समाज को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर पासी समाज के अपमान और वोटों के ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। कसमंडी किले के मुद्दे पर अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद को ज्ञापन देने की तैयारी भी की जा रही है। इस पर सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें लाखन सेना की ओर से किसी ज्ञापन या कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई है। किसी विवाद की भी उन्हें जानकारी नहीं है, और जो भी विवाद सामने आ रहा है। वह भाजपा जानबूझकर करा रही है, ताकि वोटों का बंटवारा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में पासी समाज का लगातार अपमान हुआ है। वहीं लाखन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष नालेज पासी ने बताया कि सांसद अवधेश प्रसाद के निजी सहायक को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि दोपहर 2.30 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय में पासी किले को बचाने की मुहिम के समर्थन में ज्ञापन सौंपा जाएगा।