अयोध्या में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अयोध्या धाम की बैठक एवं सम्मान समारोह बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रकाश पाठक ने की। मुख्य अतिथि कैप्टन संत राम वर्मा तथा प्रांतीय उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर प्रदीप कुमार सिंह रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश पाठक ने कहा कि अयोध्या के पूर्व सैनिकों का जलकर एवं गृहकर माफ किया जाना चाहिए। इसके लिए महापौर से लगातार वार्ता चल रही है और सभी पूर्व सैनिकों को एकजुट होकर अपनी मांग उठानी होगी। बैठक में संगठन विस्तार के तहत हवलदार अतुल कुमार पांडे को पूरा ब्लॉक अध्यक्ष, कैप्टन अनिल कुमार शुक्ला को अमानीगंज ब्लॉक अध्यक्ष तथा कैप्टन उदय राज सिंह को सदर तहसील प्रचार प्रमुख घोषित किया गया। समारोह में नौ पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि पांच जुलाई को सैनिक एवं पुनर्वास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर के प्रस्तावित कार्यक्रम का संयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अयोध्या धाम को सौंपा गया है। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन अमरजीत सिंह एवं सूबेदार मेजर बीके द्विवेदी ने किया।