अयोध्या में प्रतिष्ठित पैथोलॉजी में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। शहर के रिकाबगंज स्थित लाल पैथ लैब के मुख्य शाखा ने एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी को ही HBA1C शुगर हिस्ट्री की गलत रिपोर्ट दे दी। उन्होंने चिकित्सक को यह रिपोर्ट दिखाई तो वह भी चकित रह गए, इसके बाद एसपी ग्रामीण ने दोबारा इस लैब से अपनी जांच करवाई। दो घंटे के भीतर ही दोनों जांच रिपोर्ट में काफी अंतर पाया गया। उन्होंने तत्काल सीएमओ को संबंधित लैब के खिलाफ शिकायत दे दी। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान ने तत्काल टीम गठित कर अधिकारियों को लैब पर भेजा। जांच में गड़बड़ियां मिलने के बाद लैब को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। मुकुट कॉम्प्लेक्स में चल रही लाल पैथ लैब के मुख्य शाखा पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। नोडल अधिकारी डॉ. राजेश चौधरी की अगुवाई में पहुंची टीम ने लैब का निरीक्षण किया, जिसमें चौंकाने वाली खामियां सामने आई। लैब में पांच कर्मचारी कार्यरत मिले, जिनमें सिर्फ एक कर्मचारी ही इंपैनल्ड थे। बाकी अवैध रूप से काम कर रहे थे। सीएमओ ने बताया कि लैब का संचालक डॉ. हरिओम गुप्त को सख्त हिदायत दी गई है कि जांच पूरी होने तक सील की कार्रवाई के साथ कोई भी छेड़छाड़ न हो।