अयोध्या में गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ रंगोत्सव मनाया। डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी जमकर थिरके और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। कहीं पानी के फव्वारों के बीच रंगों की बौछार हुई तो कहीं कीचड़ में मस्ती करते हुए जवानों ने होली खेली। माहौल पूरी तरह होलीमय नजर आया। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक अंदाज में कपड़े फाड़कर भी होली की खुशी साझा की। इस दौरान पुलिस लाइन में भाईचारे और उत्साह का अनोखा माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और जवानों ने मिलकर खुशियां बांटी और पर्व को यादगार बनाया।