अयोध्या में तारुन क्षेत्र के पारागरीब शाह गांव में शनिवार को 'खेत बचाओ अभियान' के तहत कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान राम शंकर वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। एडीओ एजी अजय कुमार सिंह ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण आधारित संतुलित उर्वरक एवं कृषि आदानों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हरी खाद, जैविक एवं जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देकर रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम की जाएगी। जिससे टिकाऊ कृषि पद्धतियों से मिट्टी की सेहत सुधरेगी और खेती की लागत घटेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। राजकीय बीज भंडार प्रभारी कन्हैया लाल ने किसानों से अपील की कि स्वस्थ जीवन के लिए रासायनिक कीटनाशक रहित खेती अपनाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर 'खेत बचाओ समिति' गठित की जाएगी और जन प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की 25 प्रतिशत कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कन्हैया लाल ने यह भी बताया कि अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य तेल की खपत 10 प्रतिशत तक घटाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड स्वीकृतिकरण को बढ़ावा देकर संस्थागत कृषि ऋण तक किसानों की पहुंच बढ़ाई जाएगी। एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों और आदान विक्रेताओं की क्षमता विकास पर भी काम होगा। इस मौके पर कर्मचारी राम जीत, प्रज्ञानंदन व्यास समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।