यूपी के अयोध्या से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां कचहरी परिसर में पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। कचहरी के शेड नंबर पांच में रूटीन चेकिंग के दौरान एक लावारिस बैग मिला। बैग की तलाशी ली गई तो उसमें चार कारतूस और दो तमंचे बरामद हुए। इस बरामदगी के बाद कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कड़ी सुरक्षा और मेटल डिटेक्टर लगे होने के बावजूद कचहरी परिसर में तमंचे कैसे पहुंच गए। सूत्रों की मानें तो सुबह 8 से 8.45 बजे के बीच किसी अपराधी तत्व ने बैग लाकर शेड नंबर पांच में रखा और मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि, आरोपी तक पहुंचा जा सके। यहां बताते चलें कि 22 सितंबर 2007 को फैजाबाद कचहरी में सीरियल ब्लास्ट हुआ था। इसके बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई थी। लेकिन, अब मेटल डिटेक्टर मात्र शोपीस बनकर रह गए हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने इसे गंभीर चूक बताते हुए डीएम और जिला जज से शिकायत करने की बात कही है। वहीं, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी। जांच की जा रही है।