अयोध्या में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि जनपद में जनगणना को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रशासन द्वारा जनपद को 16 चार्ज में विभाजित किया गया है, जिनमें पांचों तहसीलें, सभी नगर निकाय तथा कैंटोनमेंट क्षेत्र को शामिल किया गया है। प्रत्येक चार्ज पर एक-एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की गई है, जिन्हें जनपद स्तर पर प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि अब फील्ड में जाकर सर्वे करने वाले कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित कर्मियों को आगामी 15 दिनों के भीतर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर सकें। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना की प्रक्रिया के तहत 20 मई से मकानों का चिन्हांकन कार्य शुरू कराया जाएगा, जो 30 जून तक चलेगा। इसके बाद अगले चरण में घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा, जिसकी शुरुआत फरवरी 2027 से प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपादित कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाएं पूरी कराई जाएंगी, ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।