अयोध्या में रायगंज स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान महावीर का अभिषेक किया और उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। जयंती के अवसर पर नगर में भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान महावीर की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु “अहिंसा परम धर्म” के जयघोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर जैन धर्म की सर्वोच्च साध्वी ज्ञानमती ने अपने संदेश में कहा कि जैन धर्म का मूल आधार अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में इन सिद्धांतों को अपनाकर समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करें। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।