अयोध्या में कुमारगंज थाना पुलिस ने गल्ला व्यापारियों से धोखे से बाजार से सस्ता अनाज खरीदने के नाम पर टप्पेबाजी कर रुपए हड़पने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में लिए गए रुपए, प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र के गल्ला व्यापारियों से अनाज खरीदने का झांसा देकर पैसे ले लेता था और मौके से फरार हो जाता था। व्यापारियों की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उससे घटना में लिए गए रुपए, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया। आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि गल्ला व्यापारियों के साथ टप्पेबाजी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आगे भी ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।