अयोध्या के तारुन थाने में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन नायब तहसीलदार रामखेलावन की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी देवेन्द्र पाण्डेय सहित राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कुल 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 09 मामले राजस्व विभाग से और 03 मामले पुलिस विभाग से संबंधित थे। मौके पर पुलिस विभाग के 02 मामलों का निस्तारण किया गया। शेष 10 प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को समय से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचे हुए मामलों में मौके पर जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। केस 1: रामपुर भगन निवासी मो0 फैसल ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनके पड़ोसी ने अपनी आबादी की जमीन में प्रार्थी की जमीन की तरफ दीवाल उठा ली है। अब विपक्षी दीवाल तोड़कर प्रार्थी की तरफ दरवाजा खोलना चाहता है। मौके पर दीवाल से कुछ ईंटें उखड़ी मिलीं। फैसल ने अपनी जमीन में टीन शेड बनाकर बकरियां रखी हैं। रात में रास्ता खुलने से विवाद की आशंका है। इसके पूर्व चौकी रामपुर भगन पर प्रार्थना पत्र दिया था, पर बात नहीं बनी। विपक्षी मारपीट पर उतारू है। केस 2: माहोलिया निवासी सूर्यकली ने शिकायत की कि विपक्षी ने घर के पीछे 16 बिस्वा जमीन खरीदी है, लेकिन उससे ज्यादा पर कब्जा कर लिया है। इसके बाद भी जबरदस्ती घर के किनारे गड्ढा खोद रहे हैं। रोकने पर मारपीट व फौजदारी पर आमादा हो जाते हैं। नायब तहसीलदार रामखेलावन ने राजस्व निरीक्षक को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।