अयोध्या: थाना तारुन क्षेत्र के ग्राम पंचायत घुरीटिकर में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जमीन के विवाद को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प होने की भी चर्चा है। घटना का करीब 20 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। 3 फीट की जमीन बनी विवाद की जड़ जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामतीरथ निषाद और राममूरत मौर्य के बीच करीब तीन फीट जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों में जमीन पर कब्जे को लेकर आए दिन कहासुनी होती रहती है। एक पक्ष जमीन को आबादी का हिस्सा बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे चक मार्ग की जमीन बताते हुए अपना दावा कर रहा है। निरीक्षण के दौरान हुआ विरोध ग्रामीणों के अनुसार, रामतीरथ निषाद द्वारा घर के पीछे की ओर रास्ता खोलने के बाद दूसरे पक्ष ने गयासपुर पुलिस चौकी में शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर चौकी प्रभारी आफताब अंसारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित स्थल का निरीक्षण करने लगे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के घर के अंदर जाकर दरवाजे की स्थिति देखने को लेकर महिलाओं ने विरोध किया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिलाओं और पुरुषों ने शोर मचाते हुए घर का दरवाजा बंद कर लिया। वायरल वीडियो में भी मौके पर हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है। घटना के बाद कई थानों की पुलिस वी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवान चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया गया। पुलिस कर रही जांच थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि निषाद और मौर्य परिवार के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर गई थी। वहां एक पक्ष द्वारा पुलिस से बदतमीजी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।