फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतिम पड़ाव पर अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां, राम की पैड़ी के 56 घाटों पर बिछ गए 29 लाख दीये

अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां अब अंतिम पड़ाव पर हैं। सरयू घाट से लेकर राम मंदिर तक पूरी अयोध्या नगरी में भक्ति का माहौल है। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 हजार स्वयंसेवकों की ओर से 29 लाख दीप बिछाने का काम अंतिम चरण में है। शनिवार शाम तक यह काम पूरा हो जाएगा। रविवार, 19 अक्तूबर को राम की पैड़ी पर इन दीयों में तेल और बाती डालने का शुभ कार्य शुरू होगा। ताकि, दीपोत्सव की शाम जब ये दीप एक साथ जलें तो अयोध्या स्वर्ग सी दमक उठे। हर घाट, हर गलियारा, हर मंदिर को सजे हुए दीपों से अलंकृत किया जा रहा है। राम की पैड़ी की जलधारा में स्टेज बनाए गए हैं। इस पर खूबसूरत कलाकृति बनाई गई है। एक तरफ राम दरबार है तो दूसरी तरफ रावण सीता का हरण कर रहा है। रामसेतु भी बनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वयं दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। सरयू तट पर 2100 अर्चकों की ओर से होने वाली महाआरती से पूरा वातावरण 'जय श्रीराम' के उद्घोष से गूंज उठेगा। रंग-बिरंगे लेजर शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामायण थीम पर सजी झांकियां इस दीपोत्सव को भव्यता के नए आयाम देने जा रही हैं। अयोध्या कल से ही प्रकाश और आस्था की अनूठी यात्रा पर निकल पड़ेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें