सावन माह के दूसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चाकीखेड़ा स्थित प्राचीन चाकेश्वर महादेव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। घंटों इंतजार के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए और मंगल कामना की। सुबह करीब चार बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हाथों में गंगाजल और बेलपत्र लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहे। पुलिस ने कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को जलाभिषेक कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की।