सावन केे दूसरे साेमवार व शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए उमड़े कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते दिल्ली-लखनऊ और स्टेट हाईवे कांवड़ियों के रंग में रंग गए हैं। दूर तक कांवड़ियों के ही जत्थे नजर आ रहे हैं। भोले की भक्ति में मस्त कांवड़िये तन केे कष्ट भूल गए हैं। दिल्ली-लखनऊ हाईवे और बदायूं-बिल्सी-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर तड़के 4 बजे से ही कांवड़ियों के जत्थे हर-हर बम बम के साथ मंजिल तय करते रहे। यह क्रम उनका रविवार देर रात तक जारी रहा। उमड़ रहे कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते सभी मार्ग शिवमय नजर आ रहे हैं। भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे कांवड़ियों का कहना है कि वह सावन माह के द्वितीय सोमवार और अगले दिन शिवरात्रि पर अपने निकट के मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार व ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल ला रहे हैं। उनकी सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मुस्तैैद हैं। सीओ अंजलि कटारिया, इंस्पेक्टर मनोज कुमार भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।