भाकियू संयुक्त मोर्चा के बेमियादी धरने में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने मांग उठाई कि फैक्टरियों के कारण प्रदूषित हुए पानी की जांच सही कराई जाए। जांच में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहा कि मांग पूरी होने तक उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो एनजीटी तक जाएंगे। शहवाजपुर डोर में हाईवे किनारे चल रहे बेमियादी धरने पर शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि प्रदूषित पानी आम समस्या बन गई है। जिसका कारण औद्योगिक इकाइयां हैं। उनका केमिकल युक्त पानी बोरिंग के जरिए भूमि में भेजा जा रहा है। मगर हैरत की बात यह है कि जांच करने वाले अधिकारी उसे सही बताते हैं। जो भी जांच को प्रभावित करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय सचिव अरुण सिद्धू ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के कारण यहां का वातावरण सांस लेने लायक नहीं रह गया, लेकिन इकाइयों की ऊपर तक पहुंच होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। संगठन ने इस लड़ाई को आर पार लड़ने का निर्णय लिया है। जब तक प्रदूषित पानी और इसके स्रोत पर पाबंदी नहीं लगाई जाती, बेमियादी धरना जारी रहेगा। किसानों ने प्रदूषित पानी की बोतलें हाईवे से गुजरने वाले वाहन सवारों को सौंपीं। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव चंद्रपाल सिंह, तेजपाल सिंह, जगदेव सिंह, रामकृष्ण चौहान, सुशील चौधरी, राहुल सिद्धू, आजम खान, अभिषेक भुल्लर, समीर चौधरी, नूर मोहम्मद, जरार चौधरी, अंकुर चौधरी, शान चौधरी, कैलाश नाथ आदि मौजूद रहे।