अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र के पूरे रामा चौहान गांव में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सागर पुत्र सिद्धार्थ के रूप में हुई है। युवक का शव शुक्रवार सुबह गांव के ही एक पड़ोसी के निर्माणाधीन सरिया में मिला। शव की हालत देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था जिससे हत्या से पहले उसे बांधकर काबू में किया गया प्रतीत होता है। परिजन जब सुबह खोजबीन करते हुए मौके पर पहुंचे तो सागर का रक्तरंजित शव देखकर दहाड़ें मारकर रोने लगे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर संग्रामपुर थाना प्रभारी बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने सागर की हत्या को पूर्व नियोजित साजिश बताया है और गांव के ही कुछ लोगों पर पारिवारिक रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सागर को पहले बेहोश किया गया फिर रस्सियों से बांधकर गला काट दिया गया। मृतक अनुसूचित जाति से था। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया हत्या की पुष्टि हुई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, जैसे ही तहरीर मिलती है, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की जाएगी। फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।